यूपी टीईटी-2026 की तैयारियां पूरी, मथुरा के 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा; नकलविहीन आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश।

Spread the love

मथुरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 को सकुशल, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार ने की।

बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, रिजर्व मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक नोडल अधिकारी, केंद्र प्रभारी एवं जनपदीय नियंत्रण कक्ष प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर 2, 3 एवं 4 जुलाई 2026 को परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली का समय प्रातः 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपराह्न 2:30 बजे से 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को दोनों पालियों में 6,343-6,343, 3 जुलाई को प्रथम पाली में 6,344 तथा द्वितीय पाली में 6,719, जबकि 4 जुलाई को प्रथम पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 15 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, प्रवेश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेटों से परीक्षा से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करने तथा परीक्षा के दौरान लगातार पर्यवेक्षण बनाए रखने को कहा। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। साथ ही 2, 3 एवं 4 जुलाई को परीक्षा समाप्त होने तक सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट एवं साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी, ताकि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता पूरी तरह बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *