लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान चंद्रपुर के लोग, विभाग पर लापरवाही का आरोप।

Spread the love

सीतापुर/मिश्रिख। नगर पालिका मिश्रिख के मोहल्ला चंद्रपुर (वार्ड संख्या-21) के निवासियों ने भीषण गर्मी के बीच लगातार लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण पंखे ठीक से नहीं चल पा रहे हैं और बल्बों की रोशनी भी बेहद कम रहती है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

मोहल्ले के निवासियों के अनुसार रात्रि के समय बिजली की स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है तथा आपूर्ति होने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरेलू उपकरण ठीक से कार्य नहीं कर पाते। शनिवार देर रात करीब 12 बजे से मोहल्ले के लगभग 10 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को पूरी रात गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।

स्थानीय निवासी दीपक त्रिपाठी ने बताया कि एक ही केबिल से जुड़े करीब 10 घरों में रात के समय अक्सर एक फेज खत्म हो जाता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग समस्या के स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

मोहल्ले के पप्पू त्रिपाठी, पुनीत त्रिपाठी, सुभाष यादव, रमेश यादव, शांति स्वरूप यादव, राहुल मिश्रा और अधिवक्ता कीर्ति मिश्रा सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *