सीतापुर रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं का अभाव, गर्मी और गंदगी से बढ़ी परेशानी।

Spread the love

सीतापुर। सीतापुर रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। बसों की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों ने परिसर में पर्याप्त व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई और सुविधाओं में सुधार की मांग की।

यात्रियों के अनुसार, रोडवेज परिसर में केवल चार पंखे संचालित हैं, जो भीषण गर्मी में यात्रियों की संख्या के मुकाबले नाकाफी हैं। इसके चलते लोग गर्मी से राहत पाने के लिए परिसर में इधर-उधर टहलने को मजबूर हैं।

यात्रियों का कहना है कि परिवहन निगम किराए के रूप में पूरा शुल्क वसूलता है, लेकिन बस अड्डे पर पेयजल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उनका आरोप है कि सुविधाएं न मिलने से यात्रियों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों ने यह भी बताया कि बस अड्डे के परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। जगह-जगह फैली गंदगी और उससे उठने वाली दुर्गंध के कारण यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इस संबंध में जब रोडवेज बस अड्डा प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन नहीं लगा। वहीं, कार्यालय में जानकारी करने पर बताया गया कि प्रबंधक उस समय कार्यालय नहीं पहुंचे थे। ऐसे में यात्रियों ने परिवहन विभाग से बस अड्डे पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *