सीएचसी मिश्रिख में लंबे समय से खराब पड़ी एक्सरे मशीन, बाहर जांच कराने को मजबूर मरीज।

Vijaydoot News

•मरीजों ने लगाया निजी जांच केंद्रों पर भेजने और कमीशनखोरी का आरोप

मिश्रिख, सीतापुर। सरकार जहां सरकारी अस्पतालों में बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं मिश्रिख स्थित महर्षि दधीचि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अव्यवस्थाओं और शिकायतों को लेकर चर्चा में है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में सुविधाओं की कमी तथा निजी जांच केंद्रों पर भेजे जाने के आरोप लगाए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में कई जरूरी जांच सुविधाएं प्रभावित हैं। आरोप है कि एक्सरे मशीन लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसके चलते मरीजों को बाहर निजी केंद्रों पर जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसके अलावा खून, पेशाब, सीबीसी, मलेरिया, डेंगू और बलगम जांच के लिए भी मरीजों को निजी पैथोलॉजी केंद्रों पर भेजे जाने की शिकायत सामने आई है।

ग्राम गौरीहार निवासी सुरेश, रमाकांत और प्रेम ने बताया कि अस्पताल में समुचित इलाज और जांच सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ चिकित्सक मरीजों को अपने पसंदीदा निजी जांच केंद्रों पर भेजते हैं, जहां अधिक शुल्क वसूला जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में डायल 1076 पर शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मरीजों का कहना है कि मलेरिया और बुखार से संबंधित कुछ आवश्यक इंजेक्शन भी लंबे समय से अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं, जिससे गरीब मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *