रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं और विभागीय मामलों के समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण के लिए कड़ा रुख अपनाया है।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि मामलों को अनावश्यक लटकाना या अधूरी आख्या के साथ जिला स्तर पर भेजना प्रशासनिक शिथिलता माना जाएगा। इसके समाधान के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों का दिनवार रोस्टर तय कर दिया गया है। इसके तहत उन्हें दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक बीएसए कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा।
इस दौरान उन्हें बीएसए को यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने रोस्टर के हिसाब से कितने शिक्षको की समस्याओं को सुना और उनका क्या निस्तारण किया। कितनी शिकायतें अब तक लंबित हैं और उनका निस्तारण कब तक हो जाएगा। इस रिपोर्ट की समीक्षा भी की जाएगी।
बीएसए ने बताया कि बीईओ अपने स्तर की समस्याओं का निपटारा तत्काल करें और इसकी सूचना संबंधित शिक्षक को भी दें। रोस्टर की जानकारी शिक्षकों को पहले ही दी जाएगी ताकि कोई अवसर से वंचित न रहे। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेश की अवहेलना पाई गई तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध सेवा नियमों के तहत कठोर अनुशासनात्मक विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।