मथुरा में बिजली विभाग का बाबू 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।

Spread the love

मथुरा। कृष्णानगर बिजलीघर में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक लिपिक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उपभोक्ता के बिजली कनेक्शन का लोड कम करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

आगरा एंटी करप्शन ट्रैप टीम की प्रभारी निरीक्षक पूजा शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कृष्णानगर बिजलीघर में राजस्व सहायक (रेवेन्यू असिस्टेंट) के पद पर तैनात सुरेश चंद्र (59 वर्ष), निवासी काजीपाड़ा, थाना रकाबगंज, आगरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

लोड कम करने के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार एक स्थानीय उपभोक्ता अपने बिजली कनेक्शन का विद्युत लोड कम कराने के लिए लंबे समय से कृष्णानगर बिजलीघर के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि संबंधित बाबू उसका कार्य करने के बजाय लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में काम कराने के लिए 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर दी।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान उपभोक्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो, आगरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने गोपनीय योजना बनाकर ट्रैप की कार्रवाई की।

शुक्रवार दोपहर पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कृष्णानगर बिजलीघर पहुंचा। जैसे ही उसने आरोपी को 5 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।

आरोपी को आगरा ले गई टीम

कार्रवाई के बाद बिजलीघर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ आगरा ले गई, जहां उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *