दिव्यांग ने रास्ता अवरुद्ध करने और पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार।

Spread the love

बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के खखरिया सुजात गांव निवासी दिव्यांग मनोज कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर उनके घर तक जाने वाले एकमात्र रास्ते पर अवैध निर्माण कर आवागमन बाधित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने तथा अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार मनोज कुमार पाण्डेय व्हीलचेयर के सहारे चलते हैं। उनका कहना है कि उनके घर तक पहुंचने का केवल एक ही रास्ता है, जिस पर गांव के कुछ लोग जबरन निर्माण कर रास्ता बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो उनके परिवार का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।

पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें रास्ता बंद करने की धमकी दी। साथ ही, निर्माण कार्य रोकने का प्रयास करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने तक की धमकी दी गई।

मनोज पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने डायल-112 पर दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि बाद में हर्रैया थाने में भी शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई।

शिकायत में महेन्द्र सिंह और विक्की सिंह को नामजद करते हुए उन पर दबंगई के बल पर रास्ते में अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए, रास्ते पर हो रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाया जाए तथा उनके और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *