गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर सैकड़ों हाथों ने दिया स्वच्छ ब्रज का संदेश।

Spread the love

मथुरा। ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान के अंतर्गत रविवार को गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर विशाल स्वच्छता श्रमदान किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली ब्रज की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक पवित्रता को बनाए रखने के उद्देश्य से चले इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों ने भाग लिया। मंडलायुक्त आगरा नगेंद्र प्रताप ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में महाअभियान का आयोजन हो रहा है। रविवार को उज्ज्वल ब्रज संस्था के तत्वावधान में संत गयाप्रसाद जी की समाधि और रमणरेती आश्रम से अभियान शुरू हुआ। स्वयंसेवकों ने परिक्रमा मार्ग की तलहटी से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन, रैपर तथा अन्य कचरा एकत्र किया। श्रद्धालुओं ने भी अभियान में सहयोग करते हुए स्वच्छ ब्रज का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायन दास अग्रवाल, केडी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप गुप्ता, उमा मोटर्स के पवन चतुर्वेदी, ब्रजवासी ग्रुप के राजीव ब्रजवासी, के संस फाउंडेशन के सुरेश कौशिक, बेरीवाल रियल एस्टेट ग्रुप के कृष्णकांत बेरीवाल, उज्ज्वल ब्रज संस्था के सचिव अनंत शर्मा, हरिओम बाबा सहित मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष सिंह, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव पांडेय, तकनीकी विशेषज्ञ आर.पी. सिंह, तपेश भारद्वाज सहित उक्त संस्थानों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, समाजसेवी एवं स्वयंसेवक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *