रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर पालिका परिषद कोसीकलां के वार्ड संख्या-4 स्थित हरदेव गंज में सोमवार को स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्ले की दर्जनों महिलाओं ने एकत्रित होकर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल,और वार्ड संख्या-4 के सभासद सद्दाम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका परिषद में शिकायतें दर्ज कराईं और प्रार्थना पत्र भी दिए, लेकिन आज तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि गली की सड़क लंबे समय से टूटी और जर्जर हालत में है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की भी गंभीर समस्या बनी हुई है। उनके अनुसार करीब 15-15 दिनों के अंतराल पर पानी की आपूर्ति होती है और जो पानी आता है, वह इतना गंदा होता है कि उसका उपयोग कुल्ला या मुंह धोने तक के लिए करना मुश्किल हो जाता है।
इसके अलावा महिलाओं ने सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता, जिससे गली में गंदगी का अंबार लगा रहता है। वहीं नालियां भी छोटी और चोक पड़ी हैं, जिसके कारण जलभराव और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने शासन और नगर पालिका परिषद से जल्द ही सड़क निर्माण, स्वच्छ पेयजल, नियमित सफाई और नालियों की सफाई जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।