सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत।

Spread the love

मोतिगरपुर/सुल्तानपुर। लखनऊ-बलिया हाइवे पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर लपटा गांव के पास हुई। पुलिस ने पिकअप और बाइक के साथ पिकअप सवार 3 लोगों को कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। 

 जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के करौंदी निवासी अमर बहादुर प्रजापति पुत्र रामतीरथ (30 वर्ष), अपनी मां ममता देवी (55 वर्ष) को मोतिगरपुर में दवा दिलाने जा रहा था। दोपहर करीब 12रू30 बजे जब वे लखनऊ-बलिया हाइवे पर स्थित शाहपुर लपटा गाँव के पास पहुंचे थे कि तभी जौनपुर से सब्जी पहुंचाकर लौट रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पहले एक पेड़ से करीब 5 फीट ऊपर उछली और फिर 30 मीटर दूर एक दीवार से टकराकर रुक गई। तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो माँ-बेटे गंभीर रूप से घायल होकर हाइवे पर पड़े थे और बाइक क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। घटना के बाद अमेठी जिले के कोतवाली जगदीशपुर के घोसियाना निवासी चालक मोहम्मद सैफ पुत्र मोहम्मद खालिक और उसके सहयोगियों को राहगीरों ने दौड़कर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल एंबुलेंस सेवा और पुलिस को दी। सूचना के करीब 20 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस से मां ममता देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर भेजा गया। जबकि अमर बहादुर को पुलिस ने प्राइवेट वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने अमर बहादुर को मृतक घोषित कर दिया और मां को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही ममता देवी ने भी दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि अमर बहादुर चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करता था और तीन दिन पहले ही घर आया था। वह अपने दो भाइयों विजय और अजय में सबसे बड़ा था। उसके पिता रामतीरथ, मां गांव में रहते थे। अमर बहादुर की पत्नी अर्चना और डेढ़ साल का एक बेटा अयांश है। मोतिगरपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *