•सेमरहवा बाबा मंदिर के पास मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
सहजनवा। गीडा थाना क्षेत्र के भरसाँड़ स्थित सेमरहवा बाबा मंदिर के पास सोमवार को आमी नदी किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को नदी किनारे फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने सुबह नदी किनारे शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। युवक काले रंग की टी-शर्ट और जींस पहने हुए था।
बताया जा रहा है कि हत्यारों ने युवक के हाथ और पैर रस्सी से बांध दिए थे तथा धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई। शव की स्थिति देखकर घटना को बेहद निर्मम माना जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आसपास से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश अथवा सुनियोजित हत्या के एंगल पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को आमी नदी किनारे लाकर फेंका गया। पुलिस मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों एवं स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में गीडा थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडे ने बताया कि लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।