रिपोर्ट: विजय नागपाल।
फरह/मथुरा: उत्तर प्रदेश के विद्यालयों को सुरक्षित एवं आपदा-प्रतिरोधी बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘स्कूल सेफ्टी एंड रिस्क असेसमेंट प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रदेश के लगभग 1.40 लाख सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों का सेफ्टी एंड रिस्क असेसमेंट (सुरक्षा एवं जोखिम आकलन) किया जाना है।


इसी क्रम में, चयनित संस्था बेनेट कोलमैन लिमिटेड द्वारा हरदयाल टेक्निकल कॉलेज, फरह, राजपुरा में फील्ड ऑडिटर्स और डिजास्टर एक्सपर्ट्स के लिए तीन-दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सीनियर मैनेजर (डिजास्टर) मनोज कुमार सिंह के साथ प्रबंधन टीम के मुख्य सदस्य दीपक गुप्ता, पंकज मिश्रा और देवेन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में विशेषज्ञों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के मुख्य उद्देश्य और गतिविधियाँ परियोजना प्रबंधन टीम ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश के विद्यालयों को अधिक सुरक्षित, आपदा-सक्षम बनाना और विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित व संरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आवासीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को निम्नलिखित विषयों पर विस्तृत व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है स्कूल सेफ्टी ऑडिट की कार्यप्रणाली तथा स्ट्रक्चरल एवं नॉन-स्ट्रक्चरल सुरक्षा मूल्यांकन।
फायर एवं इलेक्ट्रिकल सेफ्टी के आधारभूत सिद्धांत। आपदा जोखिमों की पहचान और आकस्मिक सुरक्षा उपाय।
मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल डेटा संग्रह , रिपोर्टिंग तथा साक्ष्य अपलोड करने की आधुनिक प्रक्रिया।
विशेषज्ञों की संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण इस प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ऑडिटर्स, डिजास्टर एक्सपर्ट्स, फायर सेफ्टी एक्सपर्ट्स तथा सिविल इंजीनियर्स की एक संयुक्त टीम का गठन किया जाएगा।
यह प्रशिक्षित टीम प्रदेश भर के विद्यालयों में जाकर धरातल पर सुरक्षा और जोखिम आकलन का कार्य करेगी, ताकि परियोजना का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। यह उत्तर प्रदेश के शैक्षिक ढांचे को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इस प्रशिक्षण में जनपद मथुरा से मास्टर ट्रेनर अशोक यादव,राजेश कुमार शिवहरे ,हेमंत, अविनाश, अरुण, श्याम सिंह, विवेक, यतेद्र,विपिन, गोविंद, साथ ही आगरा से शेखर शाक्य के साथ अन्य जनपदों से आए परीक्षार्थियों ने भाग लिया।