•शैक्षिक एवं अकादमिक सहयोग को मिलेगा नया विस्तार
सहजनवां। स्थानीय दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, सहजनवां एवं दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के मध्य सोमवार को शैक्षिक एवं अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
एमओयू के अंतर्गत दोनों महाविद्यालय संयुक्त रूप से शैक्षिक गतिविधियों, शोध कार्यों, सेमिनार, कार्यशालाओं, व्याख्यानमालाओं, छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रमों तथा कौशल विकास से संबंधित आयोजनों का संचालन करेंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं शोध के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार पाल ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान, संसाधनों एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को नई दिशा प्रदान करेगा। वहीं दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने इसे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। एमओयू पर दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा औपचारिक हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. दीपक सोनी, डॉ. करुणेश त्रिपाठी, ममता गौतम, डॉ. सुजीत कुमार सिंह, डॉ. महंथ यादव, डॉ. हरेराम यादव, डॉ. कौशल किशोर तिवारी एवं अनुप कुमार सहित अन्य शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।