राहुल मिश्रा, संवाददाता।
मिश्रिख, सीतापुर। प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 मई को समाप्त होने के बाद प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत चुनाव तत्काल न कराकर वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही गांव का प्रशासक नियुक्त किए जाने के निर्णय से प्रधानों में खुशी का माहौल है। शासन के इस फैसले को लेकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने स्वागत जताया है।
प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आगामी पंचायत चुनाव वर्ष 2027 में कराए जाने की संभावना व्यक्त की गई है। तब तक वर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में कार्य करते हुए गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंचायतीराज विभाग में इस प्रकार का निर्णय पहली बार लिया गया है, जिसे लेकर प्रधानों में उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में विकासखंड मिश्रित की ग्राम पंचायत पतौंजा की ग्राम प्रधान एवं अखिल भारतीय प्रधान संघ की ब्लॉक अध्यक्ष मुन्नी देवी ने प्रदेश शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए विकासखंड मिश्रित के सभी ग्राम प्रधानों को हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपे जाने से गांवों के विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित की योजनाएं बिना किसी बाधा के संचालित होती रहेंगी। साथ ही यह निर्णय ग्राम प्रधानों के सम्मान एवं विश्वास को और मजबूत करने वाला है।