चलती मालगाड़ी पर अराजकतत्वों ने फेंके पत्थर।

Vijaydoot News

प्रयागराज। प्रयागराज में चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी का वीडू सामने आया है। दारागंज के अलोपीबाग के पास रेलवे ट्रैक पर कुछ युवकों ने मालगाड़ी पर पत्थर चलाए। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे में हड़कंप मच गया है। वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मामला शनिवार का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो रविवार की सुबह 8 बजे से वायरल है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को अलोपीबाग के पास रेलवे ट्रैक के किनारे कुछ युवक खड़े थे। इसी दौरान एक मालगाड़ी वहां से गुजरने लगी। जैसे ही ट्रेन उनके सामने पहुंची, युवकों ने उस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। घटना के दौरान आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवकों ने मालगाड़ी पर पत्थरबाजी किस वजह से की। वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे से शिकायत की गई है। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं और घटना स्थल की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संबंध में प्रयागराज आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राणा ने बताया कि जिस स्थान की घटना बताई जा रही है, वह उनके कार्यक्षेत्र में नहीं आता। वहीं, आरपीएफ प्रयाग के इंस्पेक्टर ने बताया कि दारागंज का क्षेत्र एनईआर में आता है, ऐसे में कार्रवाई संबंधित अफसर ही करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *