रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां (मथुरा)। गोपालबाग चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रविवार दोपहर हसनपुर नगला पुलिया के समीप सहार रजवाह में एक अज्ञात क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रजवाह में जलकुंभी के बीच फंसे शव को सबसे पहले वहां से गुजर रहे चरवाहों ने देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गोपालबाग चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव काफी पुराना होने और उससे तेज दुर्गंध आने के कारण उसे रजवाह से बाहर निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार शव का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह गल चुका था, जिससे यह स्पष्ट करना भी मुश्किल था कि शव पुरुष का है या महिला का। शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।