सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा में डीएम सख्त, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर।

Spread the love

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस पोर्टल एवं सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित रैंकिंग और ग्रेडिंग के आधार पर विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध हो चुकी है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए तथा सभी निर्माण कार्यों की प्रगति नियमित रूप से सीएमआईएस पोर्टल पर अपलोड की जाए।

डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव समय से शासन को भेजे जाएं ताकि निर्माण कार्य बाधित न हों। साथ ही पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाले विभागों को कार्यों में गुणात्मक सुधार लाने और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विलंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में फैमिली आईडी बनाने की विकासखंडवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्र परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं हैं, उनका शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनाया जाए। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भी इस अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना के भुगतान और आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति का भी आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने अंत्योदय, पात्र गृहस्थी, श्रम कार्डधारकों तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने और आयुष्मान ऐप के माध्यम से स्वयं पात्रता जांच एवं कार्ड बनाने के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें, ताकि पात्र लाभार्थी किसी भी योजना से वंचित न रहें तथा जनपद की रैंकिंग सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर बनी रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आर.के. पांडेय, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *