•अध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु ने ईमानदार पत्रकारों से अभियान में शामिल होने का किया आह्वान।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। बृज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता कमलकांत उपमन्यु के नेतृत्व में फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर आज मंगलवार को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कमलकांत उपमन्यु ने जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की जाएगी कि पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और संस्थानों से चौथ मांगने वाले तथाकथित फर्जी पत्रकारों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि ऐसे लोगों की गतिविधियों से ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारों की छवि धूमिल हो रही है।
उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा करने वाले तथा जनता की आवाज उठाने वाले सभी सम्मानित पत्रकारों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने इसे पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कमलकांत उपमन्यु ने ब्रज क्षेत्र से फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध व्यापक अभियान शुरू करने की बात कहते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य समाज को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली से बचाना तथा पत्रकारिता की साख को मजबूत करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियों को संरक्षण देते हैं या ऐसे तत्वों से जुड़े हैं, उन्हें इस अभियान से दूर रहना चाहिए।