रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मिर्जापुर। थाना जिगना की साइबर सेल ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 5,000 रुपये वापस कराए हैं। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने मीरजापुर पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, थाना जिगना क्षेत्र के खैरा निवासी असीम सिंह ने 14 मार्च 2026 को एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मोबाइल हैक कर यूपीआई के माध्यम से 98 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना जिगना की साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल के प्रयासों से पीड़ित के खाते में 5,000 रुपये वापस कराए गए।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित असीम सिंह ने थाना पहुंचकर मीरजापुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम का धन्यवाद देते हुए उनके कार्य की सराहना की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, साइबर सेल प्रभारी अवधेश सिंह, कांस्टेबल स्वतंत्र यादव तथा आरक्षी कौशलेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।