







बस्ती। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त बस्ती, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा मार्ग, भद्रेश्वरनाथ मंदिर और अन्य व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही यात्रा के दौरान संभावित समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उच्चाधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी कांवड़ यात्रा को आपसी सहयोग, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर, संबंधित थाना प्रभारी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।