बुलडोजर चला तो मचा हड़कंप: एसडीएम बोले- अतिक्रमण मुक्त होगा कोसी का बाजार, नहीं बख्शा जाएगा कोई।

Spread the love

कोसीकलां। नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को नगर के ऐतिहासिक गुरूषगंज बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में बुलडोजर की मदद से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान कई स्थानों से सामान जब्त किया गया, जिससे अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान अधिकारियों को अपेक्षा से अधिक अतिक्रमण मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। इसके चलते प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

उप जिलाधिकारी मनोज कुमार ने स्पष्ट कहा कि “कोसी का बाजार पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।” उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी गुरूषगंज क्षेत्र में अभियान जारी रहेगा। जिन लोगों ने निर्धारित सीमा से अधिक भूमि या सड़क पर कब्जा कर रखा है, उनकी पैमाइश कराई जाएगी। यदि किसी ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया तो उसके खिलाफ जुर्माना, सामान जब्ती और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पालिका प्रशासन का कहना है कि गुरूषगंज बाजार को अतिक्रमण मुक्त, सुव्यवस्थित और यातायात के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर कमलेश सिंह, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *