बिजनौर। विकास खंड कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर मेहरू उर्फ धर्मवाला के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वर्ष 2021 से वर्तमान ग्राम प्रधान के कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए गए। उनका कहना है कि पांच वर्षों के दौरान केवल एक मार्ग का निर्माण कराया गया, जबकि गांव के कई रास्ते आज भी कच्चे हैं। विशेष रूप से प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय जाने वाले मार्ग पर बरसात के मौसम में जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि पुराने खड़ंजे की ईंटें उखड़वाकर उन्हें एक निजी परिसर में रखवा दिया गया। उन्होंने उन ईंटों की जांच कराकर विद्यालय मार्ग पर पुनः उपयोग में लाए जाने की मांग की है।
शिकायत पत्र में पंचायत विकास के लिए प्राप्त सरकारी धन के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा गांव में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
इस संबंध में ग्रामीण सुबोध कुमार, कैलाश कुमार, अनिल कुमार, सेन सिंह सहित अन्य लोगों ने शपथ पत्र (एफिडेविट) भी जिलाधिकारी को सौंपे हैं।