केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने, विभागीय समन्वय को मजबूत करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने मेरा युवा भारत की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं वर्तमान गतिविधियों के साथ-साथ वार्षिक कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले सघन पंजीकरण अभियान के पोस्टर का अनावरण भी किया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी विभागों, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में अधिकाधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने सभी सरकारी विभागों एवं कार्यालयों का भी पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
उन्होंने पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा अन्य पंचायत स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से ग्राम स्तर पर व्यापक पंजीकरण अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ा जा सके।
बैठक में बताया गया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को क्विज़, निबंध लेखन, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम (ईएलपी), स्वयंसेवी गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है। साथ ही प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं एवं अन्य युवा-केंद्रित कार्यक्रमों की जानकारी और सहभागिता भी इसी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होती है।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, युवा संसद, यूथ फेस्टिवल, विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज समेत अन्य कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले सघन पंजीकरण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने 26 जुलाई को वाइब्रेंट विकसित ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तावित प्रधानमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।