संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायतों में आवंटित धनराशि से कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता, मानकों एवं व्यय की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की भौतिक स्थिति और व्यय धनराशि का स्थलीय सत्यापन कराने के लिए अधिकारियों की टीम गठित की। उन्होंने निर्देश दिए कि गठित टीम एक सप्ताह के भीतर संबंधित ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता, मानकों एवं व्यय का सत्यापन करते हुए अपनी विस्तृत आख्या उपलब्ध कराए।
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत कराए गए सभी विकास कार्यों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार धनघटा रामजी, नायब तहसीलदार खलीलाबाद हरेराम यादव, नायब तहसीलदार धनघटा राजेश कुमार, नायब तहसीलदार मेहदावल प्रियंका तिवारी, संबंधित खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।