मथुरा में दिल्ली हाईवे पर दिनदहाड़े 85 लाख की सोने की धातु लूट, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया।

Spread the love

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में शुक्रवार को दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े कथित तौर पर करीब 80 से 85 लाख रुपये मूल्य की सोने की धातु लूटे जाने की घटना से सनसनी फैल गई। घटना गोवर्धन चौराहे से लगभग 200 मीटर आगे जैन मंदिर के सामने की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लूट का शिकार एक व्यापारी का कर्मचारी हुआ है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश सोने की धातु से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और आधिकारिक रूप से घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सहित स्वाट टीम, एसओजी और थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए व्यापारी के कर्मचारी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस की कई टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *