रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर के नंदगांव रोड स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईन) कार्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय में तैनात अधिशासी अभियंता सुरेंद्र पाल सिंह और बाबू मोरध्वज के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पूरे दिन कर्मचारी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते रहे।
जानकारी के अनुसार, किसी विभागीय कार्य को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
अधिशासी अभियंता सुरेंद्र पाल सिंह का आरोप है कि बाबू मोरध्वज उन पर कथित रूप से गलत कार्य करने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो बाबू ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को देने के साथ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
वहीं, बाबू मोरध्वज ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि फाइलों की जांच के दौरान एक्सईन ने उनके साथ पहले गाली-गलौज की और बाद में मारपीट की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने मीडिया के सामने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए और अपनी-अपनी बात रखी। फिलहाल दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और मामला पुलिस तक पहुंच चुका है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।