फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, संघर्षपूर्ण जीवन को किया याद।

Vijaydoot News

रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। समाजवादी पार्टी ने शनिवार को स्थानीय लोहिया ट्रस्ट स्थित जिला कार्यालय में पूर्व सांसद स्वर्गीय फूलन देवी की 25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन और संघर्ष को याद किया। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि जालौन के एक छोटे से गांव के गरीब परिवार में जन्मी फूलन देवी ने जीवन में भेदभाव, अत्याचार और उत्पीड़न का सामना किया। इन परिस्थितियों ने उन्हें संघर्ष का मार्ग चुनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चंबल की बीहड़ों से लेकर देश की संसद तक का उनका सफर असाधारण, संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा, जिसमें समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा।
गोष्ठी का संचालन करते हुए जिला महामंत्री आदर्श यादव ने कहा कि वर्ष 1996 और 1999 के लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर से सांसद निर्वाचित होने के बाद फूलन देवी ने गरीबों, वंचितों, मजलूमों और उत्पीड़ितों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 2001 को दिल्ली स्थित उनके आवास के बाहर उनकी हत्या कर दी गई, लेकिन सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष आज भी लोगों को प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, रोहित शुक्ला ‘लल्लू’, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, राजेश भारती सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *