औरैया। फूलगंज सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आवास विकास स्थित जंभेश्वर पार्क में वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यापार मंडल औरैया (मिश्रा गुट) के जिला अध्यक्ष राजेश बाजपेयी उर्फ बबलू रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सामाजिक संस्थाओं द्वारा किया जा रहा यह कार्य सराहनीय है। पर्यावरण – प्रेमी जंभेश्वर महाराज ने विश्व को हरा-भरा बनाने का मूलमंत्र दिया। आज हम सभी को उन्हीं के पद चिन्हों पर चलने की आवश्यकता है।
समिति के अध्यक्ष हरगोविंद तिवारी ने कहा फूलगंज सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति औरैया के विकास और उन्नति के लिए हमेशा प्रयासरत रहेगी। आने वाले 17 सितंबर को हम सभी एक बार फिर औरैया जनपद का स्थापना दिवस समारोह मनाएंगे साथ ही उन्होंने सभी जनपदवासियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर पार्क परिसर में समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों एवं बच्चों द्वारा 21 फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए।
इस दौरान समिति के संयोजक प्रशांत अवस्थी प्रखर, व्यापार मंडल के भानू राजपूत, विश्नोई सेवा मंडल के अनिल विश्नोई, समिति के सदस्य पुष्पक शुक्ला, शशिकांत तिवारी, वंशलाल आदि लोग उपस्थित रहे।