पत्नी से विवाद के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, साढ़े पांच घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा।

Vijaydoot News

औरैया। अजीतमल क्षेत्र में शनिवार रात घरेलू विवाद के बाद एक युवक हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान युवक ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद देर रात उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।
घटना अजीतमल क्षेत्र के ग्राम नवले का पुरवा की है। गांव निवासी 27 वर्षीय योगेंद्र सिंह पुत्र बृजेंद्र राव शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही उसका भाई विवेक और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक योगेंद्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। उसने कहा कि जब तक उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके पर नहीं आएंगे, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक से लगातार बातचीत करते रहे। पुलिस ने उसकी पत्नी हेमलता के मायके पक्ष को भी सूचना दी। देर रात बकेवर क्षेत्र के लुधियानी गांव निवासी युवक के साले आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक समझाकर योगेंद्र को शांत कराया, जिसके बाद रात करीब 1:30 बजे वह सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
बताया गया कि योगेंद्र विवाहित है और उसका एक पुत्र भी है। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। इसी नाराजगी में युवक टावर पर चढ़ गया था। समझाने-बुझाने के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया और अपने परिजनों के साथ घर चला गया।