श्रावण मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास मेला एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को बाबा तामेश्वर नाथ धाम परिसर में समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, मंदिर के पुजारियों, गोसाई बाबा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी से श्रावण मास और कांवड़ यात्रा का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने नगर निकायों और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिवालयों, मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ समितियों एवं स्थानीय संभ्रांत लोगों से समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोल, तारों की सुरक्षा, मंदिरों के संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा रविवार और सोमवार को विद्युत आपूर्ति बाधित न होने के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उनकी सुविधा के लिए प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख शिवालयों, विशेषकर सोमवार और शिवरात्रि के अवसर पर, अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर सतर्क निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा चेन स्नेचिंग और चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कांवड़ संघों का विवरण तैयार कर उनके यात्रा मार्ग और कार्यक्रम की पूर्व जानकारी रखने को कहा, ताकि व्यवस्थाओं का बेहतर संचालन किया जा सके।समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा तामेश्वर नाथ धाम में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, मंदिर समिति अध्यक्ष नागेंद्र नाथ भारती, ग्राम प्रधान राम सुरेश पासवान, उपजिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर के पुजारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।