पूर्व सैनिकों ने मनाया 27वां कारगिल विजय दिवस, वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।

Vijaydoot News

मथुरा। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, मथुरा के तत्वावधान में रविवार को होटल विनायक पैलेस में 27वां कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लेकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित पूर्व सैनिकों ने वीर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह (पूर्व जेसीओ) ने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन वीर सैनिकों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में दुर्गम पर्वतीय चोटियों पर दुश्मन को परास्त कर भारत का तिरंगा शान से फहराया।
उन्होंने मथुरा जनपद के वीर सपूतों का उल्लेख करते हुए बताया कि नावली के लाल रविकरन नौहवार ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने वीरता का परिचय देते हुए सीने पर आठ गोलियां खाईं। वहीं गोवर्धन क्षेत्र के नगरिया (उम्मीद की नगरिया) के शहीद सोरन सिंह ने भी मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर जनपद का गौरव बढ़ाया।
वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध लगभग 60 दिनों तक चला, जिसमें 527 से अधिक भारतीय सैनिक शहीद हुए तथा 1,300 से अधिक सैनिक घायल हुए। कारगिल के वीर जवानों का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने और सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर योद्धाओं एवं वीर नारियों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपाल सिंह ने की, जबकि एस.के. सिंह (पूर्व गोताखोर सुपरिंटेंडेंट) विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। संचालन डॉ. रमेश चन्द (पूर्व जेसीओ) ने किया।
इस अवसर पर एस.के. सिंह, डॉ. रमेश चन्द, बलबीर सिंह, भगवान सिंह, हरिओम सिंह, राजेश चौधरी, राजवीर सिंह, विजयपाल सिंह, मुन्नालाल, जुगेंद्र सिंह, लालचंद कुशवाह, ओमवीर सिंह, श्रीनिवास शर्मा, रणवीर सिंह, ऋषिदेव, राजबहादुर, प्रहलाद सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने विचार व्यक्त किए।
बाइट- पूर्व सैनिको की है।