रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीव सिंह ने अपनी तत्परता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महज दो घंटे के भीतर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7 बजे औरंगाबाद निवासी सोनवीर सिंह, दाऊजी विहार कॉलोनी स्थित कनिष्ठ ज्वेलर्स के संचालक बदल सिंह के पास सोने के आभूषण लेने आए थे। लौटते समय कार में बैठने के दौरान उनका बैग अनजाने में रास्ते में गिर गया। बैग में लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
बैग गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल कृष्णा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर बैग बरामद कर लिया।
बरामद बैग में एक जोड़ी सोने की चूड़ियां, सोने के अन्य आभूषण, एक जोड़ी कान के टॉप्स, नोज रिंग सहित अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिला। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन के बाद पूरा सामान उसके वास्तविक स्वामी को सुपुर्द कर दिया।
अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर सोनवीर सिंह ने मथुरा पुलिस, विशेषकर चौकी प्रभारी संजीव सिंह और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और जनसेवा की भावना की सराहना की। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों के कारण आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है।