राजस्व व्यवस्था में सुधार की नई पहल, मीरजापुर में पहली बार लेखपाल से मंडलायुक्त तक का संयुक्त प्रशिक्षण।

Vijaydoot News

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अभिनव पहल पर जनपद में पहली बार राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जिला स्तरीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन बीएचयू बरकछा सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलायुक्त राजेश प्रकाश एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस प्रशिक्षण की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि पहली बार पदानुक्रम की परंपरा से अलग हटकर लेखपाल, राजस्व निरीक्षक (कानूनगो), नायब तहसीलदार, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी (एसडीएम), अपर जिलाधिकारी (एडीएम), जिलाधिकारी और मंडलायुक्त एक ही सभागार में बैठकर प्रशिक्षण का हिस्सा बने।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि राजस्व विवादों में अधिकांश मामले भूमि विवाद, सीमांकन और खतौनी से जुड़े होते हैं। थाना समाधान दिवस और तहसील दिवस में भी सबसे अधिक शिकायतें इन्हीं विषयों की आती हैं। यदि लेखपाल और कानूनगो तकनीकी रूप से दक्ष होंगे तो अधिकांश विवादों का समाधान गांव स्तर पर ही हो सकेगा, जिससे लोगों को न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

मुख्य अतिथि मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विंध्याचल मंडल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर लेखपाल तक सभी को एक मंच पर प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को मंडल के अन्य जनपदों में भी लागू किया जाएगा, ताकि राजस्व मामलों का शत-प्रतिशत संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व संहिता की धारा 24, 34 और 38 के अंतर्गत नामांतरण, बंटवारा, न्यायालय के आदेशों के अनुपालन, भूमि सीमांकन की प्रक्रिया, जीआईएस मैपिंग, ई-धरती पोर्टल, भूलेख, उत्तर प्रदेश भूमि अभिलेख पोर्टल, ड्रोन एवं जीपीएस आधारित पैमाइश, बाढ़ एवं सूखा आकलन, जनगणना, चुनाव ड्यूटी, रिपोर्ट लेखन तथा डेटा एंट्री में बरती जाने वाली सावधानियों सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, भू-राजस्व अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, नमामि गंगे विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में लेखपाल संघ एवं राजस्व निरीक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए इस पहल को राजस्व व्यवस्था में सुधार की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, संतोष कुमार ओझा, अनेग सिंह, अजीत कुमार, श्रुति प्रसाद, नगर पालिका मीरजापुर के अधिशासी अधिकारी गोवा लाल, अहरौरा एवं कछवां नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी सहित जनपद के सभी राजस्व अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।