रिपोर्ट: अजमत अली।
कुदरहा,बस्ती। कलवारी थाना पुलिस ने दुराचार (बलात्कार) एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी के कुशल पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में कलवारी पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 जुलाई 2026 को अभियुक्त विशाल चौधरी को गायघाट बाजार से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
मामला 23 जुलाई 2026 का है, जब गांव की ही एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। उसी दौरान आरोपी ने लड़की का हाथ पकड़कर अभद्रता की और परिजनों द्वारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 172/2026 दर्ज किया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 की बढ़ोतरी की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश यादव, कांस्टेबल सुनील खरवार एवं रिक्रूट कांस्टेबल पुनीत वर्मा शामिल रहे।