•संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल, गोवर्धन क्षेत्र में शोक संतप्त परिवारों से भी मिले।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गोवर्धन विधानसभा-83 के सक्रिय नेता महेश चन्द्र शर्मा ‘गोल्डी भैया’ ने मथुरा में आयोजित संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए संविधान की मूल भावना एवं समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।








उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच जाना होगा। पार्टी की जनहितकारी नीतियों और संविधान की रक्षा के संकल्प को घर-घर पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में मथुरा जनपद में समाजवादी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता के सहयोग से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के बाद महेश चन्द्र शर्मा ‘गोल्डी भैया’ गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव मल्हू और रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी परिवार पूरी संवेदनशीलता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।