मुड़िया मेला एवं गिरिराज परिक्रमा के चलते गोवर्धन क्षेत्र के सभी विद्यालय 27 एवं 28 जुलाई को रहेंगे बंद

Vijaydoot News

मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला एवं श्री गिरिराज जी परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गोवर्धन विकास खंड के सभी विद्यालयों में 27 एवं 28 जुलाई 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, गोवर्धन में 23 से 30 जुलाई तक आयोजित मुड़िया पूर्णिमा मेला एवं श्री गिरिराज जी की परिक्रमा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते परिक्रमा मार्ग, प्रमुख सड़कों एवं संपर्क मार्गों पर अत्यधिक भीड़ और यातायात का दबाव रहेगा, जिससे छात्र-छात्राओं के विद्यालय आने-जाने में कठिनाई और सुरक्षा संबंधी जोखिम उत्पन्न हो सकते हैं।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी की अनुमति के बाद विकास खंड गोवर्धन के अंतर्गत संचालित सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 27 और 28 जुलाई को दो दिन का स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी बोर्ड का विद्यालय इन तिथियों में संचालित पाया जाता है अथवा आदेश की अवहेलना के कारण कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक इसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बीएसए ने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।