संविधान की रक्षा और पीडीए को मजबूत बनाने का लिया संकल्प, सपा ने मनाया संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस।

Vijaydoot News

मथुरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रविवार को आरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस का आयोजन बरारी स्थित हर देवी गेस्ट हाउस में पार्टी के कैंप कार्यालय पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12:30 बजे हुआ। इसकी अध्यक्षता पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिगम्बर सिंह यादव ने की, जबकि संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष अबरार हुसैन ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अशोक अग्रवाल, प्रदीप चौधरी और महेश चंद शर्मा ने संविधान मान स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्य अतिथि अशोक अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के उद्देश्य से पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की अवधारणा को आगे बढ़ाया है, जिसमें सर्व समाज की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि देश में धर्म और जाति की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे पीडीए वर्ग के लोगों का शोषण हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए को मजबूत करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव ने संघर्षशील समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पीडीए सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और सभी कार्यकर्ताओं को इसके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

जिला उपाध्यक्ष शिवदीप अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार जनपद में पीडीए के तहत जोन, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी मथुरा में मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराएगी।

वरिष्ठ नेता महेश चंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पीडीए अभियान को गति देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथियों एवं जिला पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र सिकरवार, पोहप सिंह, लोहिया वाहिनी के अध्यक्ष सोनू ठाकुर, छात्र सभा अध्यक्ष संतोष यादव, संदीप अहेरिया, बाबासाहेब वाहिनी के अध्यक्ष सचिन पहलवान, नगर अध्यक्ष सुभाष सैनी, सभासद गीता वर्मा, पूर्व महानगर महासचिव रवि यादव सहित विभिन्न प्रकोष्ठों, ब्लॉक एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।