गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां पूरी, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

Vijaydoot News

मीरजापुर। थाना चुनार क्षेत्र स्थित श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने चौकी सक्तेशगढ़ पहुंचकर ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार गुरु पूर्णिमा महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र को 5 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी तथा यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग स्थल, प्रमुख संपर्क मार्गों तथा सिद्धनाथ दरी क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम), वायरलेस संचार व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपात सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी, सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा संवेदनशील स्थलों पर एंटी रोमियो टीम को लगाया गया है। वहीं, सिद्धनाथ दरी क्षेत्र में झरनों एवं खतरनाक चट्टानों के समीप श्रद्धालुओं के जाने, सेल्फी लेने और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात व्यवस्था में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केंद्र अथवा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन और पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।