•करीब तीन लाख रुपये के मोबाइल बरामद, विंध्याचल पुलिस की कार्रवाई।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। विंध्याचल थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 11 चोरी के मोबाइल फोन के साथ पांच युवकों और दो नाबालिगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विंध्याचल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार को थाना क्षेत्र के पटेंगहरा नाला रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, नाबालिगों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।