ऑपरेशन मजनू के तहत मीरजापुर पुलिस की कार्रवाई, आठ शोहदे गिरफ्तार।

Vijaydoot News

महिला सुरक्षा अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलाया गया विशेष अभियान

मीरजापुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत मीरजापुर पुलिस ने ऑपरेशन मजनू के तहत विशेष अभियान चलाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से आठ शोहदों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला स्कूलों, कॉलेजों और संवेदनशील स्थानों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति एंटी रोमियो टीमों ने संदिग्ध एवं मनचले युवकों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आनंद कुमार (थाना लालगंज), संजय कोल (थाना हलिया), समीर चौधरी एवं संदीप विश्वकर्मा (थाना अदलहाट), राजकपूर (थाना कछवां), विशाल (थाना पड़री), सहवान अंसारी (थाना संतनगर) तथा अर्जुन कुमार (कोतवाली कटरा) शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से छेड़छाड़, अभद्रता या उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।