रोटरी क्लब संत कबीर नगर का 18वां पदग्रहण समारोह संपन्न, प्रीतपाल सिंह ने संभाली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी।

Vijaydoot News

समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान बढ़ाने का लिया संकल्प, चिकित्सकों व नए सदस्यों का हुआ सम्मान

संत कबीर नगर। रोटरी क्लब संत कबीर नगर का 18वां पदग्रहण समारोह शनिवार को होटल सोनी इंटरनेशनल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि खलीलाबाद सदर एसडीएम हृदयनाथ त्रिपाठी तथा रोटरी के असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी चार्टर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. प्रीतपाल सिंह एवं मंत्री रो. दिग्विजय नाथ पांडे को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निवर्तमान अध्यक्ष रो. महेश कुमार रुंगटा ने प्रीतपाल सिंह को कॉलर पहनाकर अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा, जबकि विजय कुमार राय ने दिग्विजय नाथ पांडे को कॉलर पहनाकर मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।

मुख्य अतिथि सुशील कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर एवं वरिष्ठ नागरिकों की सेवा जैसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने रोटरी के सेवा कार्यों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि एसडीएम हृदयनाथ त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामाजिक सरोकारों से जुड़ना आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।

असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडे ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य निस्वार्थ सेवा है। उन्होंने संत कबीर की वाणी “जो घर फूंके आपना, चले हमारे साथ” का उल्लेख करते हुए जरूरतमंदों की सहायता, गरीब बेटियों के विवाह में सहयोग तथा रोटरी फाउंडेशन में अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह ने क्लब की सेवा गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प व्यक्त किया, जबकि निवर्तमान अध्यक्ष महेश कुमार रुंगटा ने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। चार्टर प्रेसिडेंट अजय कुमार पांडेय ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में रोटरी क्लब के नए सदस्य रो. दीपक गुप्ता, रो. संजय प्रकाश गर्ग, रो. डॉ. हिमांशु शुक्ला, रो. अमृत पाल सिंह एवं रो. सैयद अब्दुल हासिम का पिन पहनाकर स्वागत किया गया। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रो. डॉ. आलोक कुमार सिन्हा, रो. डॉ. विवेक खन्ना, रो. डॉ. अशोक कुमार चौधरी, रो. डॉ. एन.एन. श्रीवास्तव एवं रो. डॉ. हिमांशु शुक्ला को उत्तरीय एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन रो. पीएचएफ रामकुमार सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन रो. दिग्विजय नाथ पांडे ने व्यक्त किया। समारोह में रो. अखिलेन्द्र सिंह, रो. विपिन जायसवाल, रो. अमरेश सिंह, रो. दुष्यंत कुमार अग्रहरि, रो. वंदना गुप्ता, रो. सुनीता गुप्ता, रो. विकास गुप्ता, रो. अनिल कुमार श्रीवास्तव, रो. विजय कुमार राय, रो. डॉ. ए.के. सिन्हा, रो. उमा शंकर पांडे, रो. डॉ. श्याम कुमार सिंह, रो. जसवीर सिंह सहित अनेक सदस्य, पत्रकार एवं इंटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष नाजिया खातून और मंत्री निधि त्रिपाठी उपस्थित रहीं।