•एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मौ/त से क्षेत्र में शोक की लहर, हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
के के मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। 313 खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केनौना कुर्थिया में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मौत से गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही शोकाकुल माहौल में हर किसी की आंखें नम हो उठीं और पीड़ित परिवार के घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।


हादसे की जानकारी मिलते ही खलीलाबाद के पूर्व विधायक जय चौबे आधुनिक शव विच्छेदन गृह (पोस्टमार्टम हाउस) पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पर हादसे की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उपस्थित लोग उन्हें सांत्वना देने और संभालने का प्रयास करते रहे। वहीं, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय प्रक्रियाओं को पूर्ण कराने में जुटी रही।
पूर्व विधायक जय चौबे ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही परिवार के कई चिरागों का इस तरह असमय बुझ जाना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी अपूरणीय क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और सभी लोग ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।