सौर मिनी कोल्ड स्टोरेज किसानों की आय बढ़ाने में होगा मददगार : देवमणि द्विवेदी

Vijaydoot News

सुलतानपुर। किसानों की उपज को सुरक्षित रखने तथा फसल के नुकसान को कम करने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद सामाजिक शैक्षिक संस्थान (स्वविश्वास संस्थान) एवं विलग्रो के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कृषि भवन, अमहट के सभागार में “सौर मिनी कोल्ड स्टोरेज इकोसिस्टम” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ लंभुआ के पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, उप कृषि निदेशक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला उद्यान अधिकारी राम अकबाल यादव ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में विलग्रो संस्था के स्टेट मैनेजर अमित कुमार सिंह ने किसानों को सौर ऊर्जा आधारित मिनी कोल्ड स्टोरेज की उपयोगिता एवं इसके विकास की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5, 10 एवं 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले सौर ऊर्जा संचालित मिनी कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने के लिए किसानों को तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे फल एवं सब्जियों का सुरक्षित भंडारण संभव हो सकेगा।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी ने कहा कि यह योजना किसानों के लिए एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने एफपीओ प्रतिनिधियों से अपील की कि वे लघु एवं सीमांत किसानों को इस योजना से जोड़कर सौर मिनी कोल्ड स्टोरेज के लाभों की जानकारी दें। इससे फलों एवं सब्जियों की बर्बादी रुकेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

कार्यशाला में जनपद के विभिन्न एफपीओ, प्रगतिशील किसान, कृषि उद्यमी एवं विभागीय अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आधुनिक भंडारण तकनीकों की जानकारी भी साझा की।