केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुर्थिया के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही पीड़ित परिवारों को शासन द्वारा निर्धारित सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि हादसे के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संबंधित अधिकारियों को साक्ष्यों के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी जांच करने के निर्देश दिए।