विजयदूत संवाददाता।
बिजनौर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, बिजनौर की जिला कार्यकारिणी का अधिवेशन सोमवार को नजीबाबाद तहसील सभागार में पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए निर्वाचन कराया गया, जो शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

निर्वाचन प्रक्रिया प्रांतीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र चौहान, निर्वाचन अधिकारी सतेंद्र बालियान तथा सह निर्वाचन अधिकारी सियानंद के निर्देशन में संपन्न हुई। जिलेभर से आए लेखपालों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
निर्वाचन के उपरांत सर्वसम्मति से धामपुर तहसील में कार्यरत लेखपाल अंजली त्यागी को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, बिजनौर की जिलाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही रविंद्र कुमार शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रविंद्र कुमार को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, गौरव कुमार को जिला मंत्री, वीरेंद्र अवस्थी को उप मंत्री, अनिल कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा सुखवीर सिंह को लेखा परीक्षक चुना गया।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित राजस्व कर्मियों और शुभचिंतकों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा लेखपालों के हितों की रक्षा के लिए सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
अंजली त्यागी के जिलाध्यक्ष बनने के साथ ही वह बिजनौर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रथम महिला जिलाध्यक्ष बन गई हैं, जिसे संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।