रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला का गला कटा शव उसके घर के ऊपरी कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान राजपाल की पत्नी विजय के रूप में हुई है। उसका शव ऊपरी कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला, जबकि कमरे में काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय घर के मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे। ऊपरी कमरे का मुख्य गेट भी अंदर से कुंडी लगा हुआ था, हालांकि कमरे का एक छोटा दरवाजा खुला मिला। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक घर का दरवाजा नहीं खुलने और महिला की ओर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। इसके बाद वे दूसरी छत के रास्ते कमरे तक पहुंचे, जहां महिला मृत अवस्था में मिली।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर एवं जैंत थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का पति तथा उसके दोनों पुत्र बाहर रहकर नौकरी करते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय महिला घर में अकेली थी या नहीं।
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम सभी साक्ष्यों को जुटाकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की गहन पड़ताल में जुटी है।