रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कोतवाली थाना क्षेत्र के बागबहादुर चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित मछली फाटक फ्लाईओवर के निकट दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोर बचत लाल फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ज्ञान प्रकाश बाजपेयी की बाइक (UP-31-BQ-9507) चोरी कर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वाहन स्वामी ने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई देने की बात सामने आ रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है। चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।