कांवड़ यात्रा पर AIMIM प्रवक्ता के बयान का संत समाज ने किया विरोध, कार्रवाई की उठाई मांग।

Vijaydoot News

मथुरा। कांवड़ यात्रा को लेकर एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रवक्ता शादाब चौहान के कथित बयान के बाद ब्रज क्षेत्र के संत समाज ने कड़ी आपत्ति जताई है। संतों ने बयान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए इसकी निंदा की और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।

बताया गया है कि शादाब चौहान ने कांवड़ यात्रा के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं, रूट डायवर्जन तथा यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानों को बंद रखने जैसे निर्णयों पर सवाल उठाए। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के याचिकाकर्ता संत दिनेश फलाहारी महाराज सहित अन्य साधु-संतों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांवड़ यात्रा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसके लिए किए जा रहे प्रबंध उचित हैं।

संत समाज ने शादाब चौहान के बयान की निंदा करते हुए इसे अनुचित बताया तथा प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।