•आरोपी के मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो मिलने का दावा, मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस कर रही जांच।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा (गोवर्धन)। गोवर्धन थाना क्षेत्र में साधु वेशधारी एक व्यक्ति पर 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बालिका का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में एक साधु वेशधारी व्यक्ति पिछले लगभग तीन महीने से किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले एक नाबालिग बालिका को अपने कमरे पर बुलाया, उसके साथ अश्लील हरकत की और कथित रूप से उसका वीडियो भी बना लिया। बाद में बालिका के साथ दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप है।
बताया जा रहा है कि आरोपी द्वारा कथित रूप से डराने-धमकाने के कारण बालिका ने घटना की जानकारी कई दिनों तक किसी को नहीं दी। बाद में उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग आरोपी के ठिकाने पर पहुंचे, उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनकी सत्यता और समयावधि की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो पुराने प्रतीत हो रहे हैं और उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बालिका का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।