भाजपा का पहला शो ही फ्लॉप हो गया- अखिलेश यादव

Vijaydoot News

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र के सिकन्दराबाद में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ0 महेन्द्र सिंह नागर के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि पहले चरण में ही पश्चिम की हवा ने भाजपा का सफाया कर दिया है। भाजपा का पहला शो ही फ्लॉप हो गया है। भाजपा का झूठ और लूट जनता के सामने उजागर हो गया है। पिछले दस साल में इतना झूठ किसी ने नहीं बोला है। भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी से झूठ बोला। भाजपा ने सभी से विश्वासघात किया है। गाजियाबाद से गाजीपुर तक जनता भाजपा का सफाया करेगी।

कहा कि इंडिया गठबंधन जनता की इच्छा पर बना है। जनता चाहती थी गठबंधन बने। गठबंधन में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सभी है। भाजपा ने किसानों को धोखा दिया। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की उपज और जमीन छीनने की साजिश रची थी। किसानों ने आंदोलन किया। भाजपा सरकार को झुकना पड़ा। तीनों कानून वापस हुए लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों को एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। किसान आंदोलन में हजारों किसान शहीद हुए। भाजपा ने आंदोलनकारी किसानों को अपमानित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों को एमएसपी का कानूनी अधिकार दिया जाएगा। भाजपा ने किसानों के साथ नौजवानों को धोखा दिया। नौकरी, रोजगार नहीं दिया। नौकरियों के लिए परीक्षाओं के जो पेपर हुए वह सब लीक हो गये। भाजपा नौकरी, रोजगार नहीं देना चाहती है। जानबूझकर पेपर लीक कराये है। किसान और नौजवान भाजपा के खिलाफ हैं। भाजपा की सरकार जानी तय है। भाजपा सरकार ने इलेक्टोरल बांड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया, पूरे देश में लूट मचाई है। इलेक्टोरल बांड की चोरी जबसे पकड़ी गयी है, भाजपा के लोग घबरा गये हैं। इलेक्टोरल बांड का नाम सुनते ही भाजपा के कई नेताओं को बेहोशी छा जाती है। वे इलेक्ट्राल पाउडर की मांग करने लगते है।

अखिलेश यादव ने कहा कि चंदा तो 5 हजार, 10 हजार रूपये दिया जाता है। 50 करोड, सौ करोड़ और एक हजार करोड़ रूपये चंदा कोई नहीं देता है लेकिन भाजपा ने हजारों करोड़ रूपये चंदा वसूली की है। भाजपा के लोग कहते थे न खायेंगे और न खाने देंगे। लेकिन अब तो ऐसा खा रहे है कि डकार भी नहीं ले रहे है।